कुरुक्षेत्र। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत के साथ पकड़े गए आरोपी तहसील कल्याण अधिकारी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। आरोपी विकास कुमार को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। एसीबी अंबाला की टीम ने आरोपी विकास कुमार को वीरवार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
शिकायतकर्ता में गुरमीत निवासी बाबैन ने बताया कि एससीएसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले में उनको साढ़े चार लाख रुपये के राशि सरकार की तरफ से मिलनी थी। इसके लिए जिला तहसील कार्यालय में कार्यरत तहसील कल्याण अधिकारी विकास कुमार ने सरकारी योजना के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध करवाने के एवज में रिश्वत की मांगी थी। इस मामले में आरोपी उससे 1.14 लाख रुपये पहले रिश्वत के तौर पर ले चुका था। एसीबी कुरुक्षेत्र के प्रभारी रामफल ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी विकास को अदालत के आदेश से एक दिन का रिमांड पर प्राप्त किया था। पूछताछ के बाद आरोपी को आज शनिवार दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।