कुरुक्षेत्र। गांव मिर्जापुर के समीप रविवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली से टकराने के बाद बोलेरो जीप एसवाईएल नहर में गिर गई, जिसमें सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे युवक ने कूदकर जान बचाई। वहीं तीसरे युवक का देर शाम तक सुराग नहीं लग पाया। मृतक की पहचान हिसार के पत्थरों वाली गली निवासी सुनील अरोड़ा के रूप में हुई। हादसे के बाद लापता वाहन चालक भी हिसार का निवासी था, जबकि हादसे के दौरान कूदकर अपनी जान बचाने वाला युवक मूलरूप से बिहार के नालंदा का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, पुवारी जिला नालंदा, बिहार वासी गुड्डू हिसार की बेदी ट्रेडिंग कंपनी में नौकरी करता है। उसके साथ कंपनी का ही मुनीम सुनील अरोड़ा वासी पत्थरों वाली गली, हिसार से देहरादून जा रहा था। इस दौरान बोलेरो गाड़ी को सुंदर धर्मकांटा हिसार वासी बंटी चला रहा था। ये तीनों हिसार से शनिवार को देर रात करीब पौने दस बजे चले थे। सुबह करीब सवा पांच बजे गांव मिर्जापुर के समीप एसवाईएल नहर पुल पर पहुंचे तो सामने से ढांड की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो अनियंत्रित हो गई और नहर में गिर गई। तभी गुड्डू ने नहर में गिरते समय गाड़ी से छलांग लगा दी और तैरकर बाहर आ गया। उसके शोर मचाने पर राहगीर और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर में सर्च अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बोलेरो को बाहर निकाला गया, उसमें सुनील अरोड़ा बेहोशी की हालत में मिला। उसे लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गोताखोर प्रगट सिंह की टीम के जरिए नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन बंटी का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने हादसे की सूचना बोलेरो सवार परिजनों को दी। साथ ही आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़कर मौके से फरार हो गया है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।