शाहाबाद। धंतोड़ी गांव में एक परिवार में उस समय बर्ड डे की खुशी मातम में बदल गई जब उसी सात वर्षीय बेटे की हादसे में मौत हो गई। वह अपने जन्म दिन की खुशी में माता-पिता के साथ केक लेकर लौट रहा था। हादसे के बाद न केवल परिवार में कोहराम मच गया बल्कि पूरे गांव में मातम पसर गया।
धंतोड़ी गांव निवासी रवि ने बताया कि उसके सात साल के बेटे तनिश का आज वीरवार को जन्मदिन था। उसी खुशी में वह उसे व अपनी पत्नी नेहा को साथ लेकर केक लेने पिपली गया था। केक लेकर लौटते समय वे नेशनल हाईवे पर गांव मसाना के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे वे सड़क किनारे जा गिरे।
राहगीरों ने उन्हें मीरी पीरी अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बताया कि तनिश के गले में गहरी चोट लगी है, जिसके चलते उसे मुलाना एमएम अस्पताल में रेफर करना पड़ा, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। उधर, उसके माता-पिता का मीरी पीरी अस्पताल में ही उपचार किया जा रहा है। वहीं इस हादसे से पूरे परिवार में हाहाकार मच गया तो पूरा गांव सन्न रह गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा। रवि के चाचा अमरजीत सिंह ढांगी ने बताया कि तनिश माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस हादसे की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची तो हर कोई सहम गया। पूरे गांव में मातम पसर गया।