संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बिरला मंदिर जमीन के मामले को लेकर लोगों में विरोध बढ़ता ही जा रहा है, जिसके चलते वीरवार को 11वें दिन भी बिरला मंदिर बचाओ संघर्ष समिति का धरना जारी रहा। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने नारेबाजी करते हुए रोष जताया। समिति के अध्यक्ष अशोक शर्मा पहलवान के नेतृत्व में शहर के लोगों ने काली पट्टी आंखों पर बांधकर प्रदर्शन किया और बिरला मंदिर की जमीन को लेकर हुई सौदेबाजी का कड़ा विरोध जताया।
समिति के अध्यक्ष अशोक शर्मा पहलवान ने बताया बिरला मंदिर से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। इसलिए शहर के लोग ही नहीं बल्कि विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं भी मंदिर को बचाना चाहती हैं। इसलिए धरने पर मौजूद लोगों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन बिरला मंदिर को लेकर चुप्पी साधे हुए है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। बिरला मंदिर को बचाने के लिए अब तक शहर के लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस मौके पर शाम सिंह, बालकृष्ण, अश्वनी, रोहित, राकेश, मुनीष, जयनारायण, पाला राम, सुभाष, विशाल, वीरभान, सतनाराण, धर्मपाल, रघुबीर गर्ग, राकेश, सतबीर सहित अन्य मौजूद रहे।