शाहाबाद। जीटी रोड पर मीना मार्केट के नजदीक ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सुषमा निवासी अंबाला छावनी के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में अंबाला छावनी निवासी देवराज ने कहा है कि वह अपनी पत्नी सुषमा के साथ बाइक पर अंबाला के लिए चला था। मीना मार्केट के पास पहुंचा तभी एक ट्रक चालक ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी पत्नी सड़क पर सिर के बल गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से वह उसे एंबुलेंस की मदद से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां इलाज के दौरान उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।