कुरुक्षेत्र/ लाडवा। हिनौरी रोड पर गांव बुढ़ा के पास कार की टक्कर लगने बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दीपक (28) निवासी मथाना चौकी के रूप में हुई। घटना सुबह करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में रोहित निवासी गांव परवालो (यमुनानगर) ने बताया कि शुक्रवार को शाम वह अपनी बाइक पर अपने जीजा कश्मीरी लाल से मिलने उसके घर बदरपुर आया था। सुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर घर वापस जा रहा था। उसके आगे बाइक पर एक अन्य युवक चल रहा था। जैसे ही सुबह करीब सवा चार बजे वह गांव बुढ़ा के पास पहुंचे तो एक कार चालक ने उसके आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। उसने तुरंत बाइक रोककर युवक को संभाला और उसका नाम व पता पूछा। युवक ने अपना नाम दीपक बताया। राहगीरों की मदद से उसने दीपक को सीएचसी लाडवा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दीपक की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।