लाडवा। राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से बड़े गांवों को शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए सरकार की तरफ से महा ग्राम योजना को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। इस योजना के तहत नियमानुसार गांवों का विकास किया जाएगा और लोगों को शहरों जैसी सीवरेज, पीने के पानी, सड़कों व अन्य सुविधाएं मिल पाएंगी।
राज्यमंत्री संदीप सिंह गांव बपदा व धनौरा जाटान में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे थे। राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि धनौरा जाटान गांव व आसपास के गांवों को जल्द की लगभग 52 सड़कों की सौगात सरकार की तरफ से दी जाएगी। इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इस गांव में फिरनी का कार्य, शिवधाम योजना के तहत शिवधाम के कार्यों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। सरकार के जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों के साथ सीधा संवाद करके सरकार की योजनाओं की फीडबैक ली जा रही है और लोगों की समस्याओं को सीधे तौर पर सुना जा रहा है। इस कड़ी में बीच के लोगों के कार्य को समाप्त कर दिया गया है। इन कार्यक्रमों में लोग सीधा अपने मन की बात रख रहे है।
राज्यमंत्री ने कहा कि गांव धनौरा जाटान में 350 व गांव बपदा में 275 लोगों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा लोगों को मुख्यमंत्री अंत्योदय योजना का लाभ भी मिल रहा है। इस योजना से बेरोजगार लोगों को ऋण जैसी सुविधाएं दी जा रही है ताकि युवा अपना रोजगार स्थापित कर सके और देश के विकास में अपना योगदान दे सके। सरकार की तरफ से आगामी छह माह में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी गांवों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है और एक-एक मंत्री एक दिन पांच-पांच गांवों को कवर कर रहे है। सरकार की परिवार पहचान पत्र योजना के तहत लोगों को बच्चों के वजीफा से लेकर राशन कार्ड,आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ सीधा मिल रहा है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक डाॅ. पवन सैनी ने कहा कि सरकार की तरफ जनसंवाद कार्यक्रम की अनूठी पहल की है। इससे लोगों को सरकार की योजनाओं का सीधा फायदा भी दिया जा रहा है। इस मौके पर एसडीएम नसीब कुमार, डीएसपी तरुण कुमार, बीडीपीओ रूबल, ब्लॉक समिति चेयरमैन विक्रम चीमा, सुरेश धनौरा, राजेश कश्यप आदि उपस्थित थे।