पिपली। फर्म एवं सोसायटीज के जिला रजिस्ट्रार ने गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा कार्यकारिणी के चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। रजिस्ट्रार ने गुरु रविदास मंदिर और धर्मशाला कमेटी को अपना पक्ष रखने के निर्देश जारी किए हैं। दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में निराशा छा गई है। रिटर्निंग अधिकारी हवा सिंह बुक्कल ने चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगाने की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने चुनावी प्रक्रिया स्थगित कर दी है।
बता दें कि श्री रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। कार्यक्रम के अनुसार कोलेजियम सदस्यों का नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि 12 और 13 अक्तूबर निर्धारित की गई थी और नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्तूबर को की जानी थी लेकिन चुनावी प्रक्रिया के बीच श्री रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा के सदस्य जय सिंह, सुरेश नरवाल और जरनैल सिंह ने जिला रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसायटीज के समक्ष याचिका दायर कर कोलेजियम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जिस पर जिला रजिस्ट्रार ने चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगा दी।
कार्यकारिणी के गठन के लिए नियमानुसार किया गया था चुनावी शैड्यूल जारी
श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा कमेटी के प्रधान सूरजभान नरवाल ने बताया था कि कमेटी ने नियमानुसार चुनावी कार्यक्रम का शैड्यूल जारी किया था। कमेटी ने नियमों के अनुसार ही कोलेजियम बनाए थे और कमेटी की ओर से कोलेजियम सूची जारी कर सदस्यों से आपत्ति पत्र मांगे गए थे। कमेटी ने पारदर्शिता से चुनाव करवाने के लिए सभी कदम उठाए थे।
रिटर्निंग ऑफिसर ने की चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगाने की पुष्टि
रिटर्निंग ऑफिसर हवा सिंह बुक्कल ने फर्म एवं सोसायटीज के जिला रजिस्ट्रार द्वारा श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा की कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने जिला रजिस्ट्रार के आदेशों की अनुपालना करते हुए चुनावी प्रक्रिया स्थगित कर दी है। चुनावी प्रक्रिया स्थगित करने का नोटिस कार्यालय के बाहर चस्पा कर दिया गया है।