बाबैन। गांव नखरोजपुर में युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय महिला कब्बडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्र की टीमों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह कंबोज रहे। इस मौके पर बाबैन की टीम ने बराडा की टीम को हराकर फाइनल मैच में जीत हासिल की। उन्होंने विजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो व्यक्ति को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों में अपना भविष्य बनाएं।