शाहाबाद। जलेबी पुल के पास स्थित पार्क में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। मूर्ति की उंगली किसी शरारती तत्वों द्वारा तोड़ दी गई। इसका पता चलते ही कांग्रेस नेता कुलविंदर सिंह ढकाला और कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे। मामले में कुलविंदर ढकाला ने सिटी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता की प्रतिमा को खंडित करना निंदनीय है। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सर्वसमाज के लिए कार्य किया है। उन्होंने मामले में जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं शिकायत के बाद सिटी पुलिस चौकी प्रभारी महेश कुमार ने शरारती तत्वों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा। शिकायत करने वालों में कुलविंदर ढकाला के साथ मोहनपुर के पूर्व सरपंच राजकुमार, मिहा सिंह रंगा, प्रवीण ज्ञानी, प्रवीण सम्भालखी, ब्लॉक समिति सदस्य सुमित, दर्शन, राजन बोड़ला, मुनीस डीग और निर्मल झांसा शामिल रहे। उधर, कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि शरारती तत्व ऐसी हरकत कर शहर में माहौल खराब करना चाहते हैं, लेकिन शहर में भाईचारा खराब नहीं होने दिया जाएगा।