कुरुक्षेत्र। श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति द्वारा धोबी मोहल्ला में भव्य श्री श्याम संकीर्तन एवं भंडारा आयोजित किया गया। सभी श्याम भक्तों के सहयोग से करवाए गए इस संकीर्तन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने श्याम जी का आशीर्वाद लिया। समिति सदस्यों ने श्याम जी का आकर्षक पुष्प शृंगार और अभिषेक किया। पुष्प शृंगार और इत्र की खुशबू से वातावरण महक उठा।
गौरी-गणेश पूजन और मां सरस्वती वंदना से आरंभ हुए संकीर्तन में गायकों में हर्ष गोयल और गौरव शान ने श्याम भजनों की झड़ी लगाई जिनमें तू किरपा कर बाबा, कीर्तन करवाऊंगा..., दरबार अनोखा, सरकार अनोखी खाटू वाले की हर बात अनोखी...,शायद मेरे बाबा को ख्याल हमारा आया है इसलिए बाबा ने हमें कीर्तन में बुलाया है... और जिसकी चौखट पे झुकता ये संसार है उस चौखट के हम सेवादार हैं... इत्यादि भजन सराहे गए। श्री श्याम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य शंभु प्रसाद और महासचिव रमेश शर्मा ने बताया कि देर रात्रि तक चले भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। श्याम जी के जयकारों से सारा वातावरण गुंजायमान हुआ। संकीर्तन के दौरान श्याम जी की गाथा में बताया गया कि ये हारे के सहारे हैं।
इनके दरबार से आज तक कोई निराश नहीं आया। संकीर्तन के पश्चात आरती हुई और आरती के बाद श्याम जी का पुष्प शृंगार भक्तों को प्रदान किया गया, मान्यता है कि पुष्प शृंगार से सभी बाधाएं दूर होती हैं। श्री श्याम आरती में प्रधान सुभाष सुखीजा, उपाध्यक्ष अटल शर्मा, कोषाध्यक्ष, सुरेंद्र काठपाल, हिमांशु मल्होत्रा और नरेश सैनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।