कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में युवा कल्याण परिषद की ओर से दो दिवसीय प्रतिभान्वेषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें काव्यपाठ, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, मोनो एक्टिंग, मिमिक्री, गायन, वाद्ययंत्र वादन और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि राजकीय महाविद्यालय पलवल की प्राचार्य डाॅ. गगनदीप कौर रही।
उन्हाेंने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा महाविद्यालय में होने वाली हर प्रतियोगिता में व्यक्तित्व विकास निर्माण हेतु शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विजेता रही छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्राचार्य डाॅ. उपासना आहुजा ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में बीए की छात्रा गुरविंदर ने पहला स्थान हासिल किया, योगिता दूसरे और उर्वशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। काव्यपाठ प्रतियोगिता में बीए की छात्रा काजल पहले, श्रेया दूसरे और सिमरनजीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया तो वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में सुप्रिया ने पहला स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिवानी, स्नेहा, रजनी और अनु की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वाद्ययंत्र वादन प्रतियोगिता में बीए की नेहा ने पहला, अनु ने दूसरा और पायल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और गायन प्रतियोगिता में बीबीए की कोमल ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं मोनो एक्टिंग व मिमिक्री प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की काजल पहले स्थान पर रही और एकल नृत्य प्रतियोगिता में करिश्मा प्रथम रही।