कुरुक्षेत्र। विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के अंतर्गत एसकेएस कॉलेज ऑफ लॉ में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ता नन्वी सागर की ओर से बताया गया कि किसी भी सूचना को साझा या अग्रेषित करने से पूर्व उसकी सत्यता की जांच करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अज्ञात अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी और स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ समाज को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की मानव तस्करी व व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए योजना, 2015, नालसा आशा योजना, मतदाता पंजीकरण, दिव्यांग मतदाताओं के अधिकार, नोटा (उपरोक्त में से कोई नहीं), कानून के समक्ष समानता, नि:शुल्क विधिक सहायता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध संरक्षण और नागरिकों के कर्तव्य आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।