गांव मुंडाखेड़ा में निजी क्लीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक डॉक्टर सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने क्लीनिक से घर लौटते समय सुनसान सड़क पर लोहे की रॉड व बिंडों से डॉक्टर पर हमला किया था।
दीदार नगर निवासी नछत्र सिंह ने थाना केयूके पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव मुंडाखेड़ा में क्लीनिक है। सोमवार को वह अपने क्लीनिक पर बैठा था। इस दौरान उसके मोबाइल पर गांव समसपुर से एक निजी क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर संजू का फोन आया। संजू ने उससे गाली-गलौज की। कुछ देर बाद वह उसके क्लीनिक पर आकर उससे बहस करने लगा। कुछ लोगों के बीच-बचाव करने पर वह उस समय वहां से चला गया। वह दोपहर को क्लीनिक से घर जा रहा था तो रास्ते में सरस्वती पुल के पास दो बाइक पर सवार चार लोगों ने रोककर उस पर रॉड से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों में संजू और श्रीपाल शामिल थे। सड़क पर एक अन्य वाहन आने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।