कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह फूड एंड सप्लाई विभाग के निरीक्षक के बेटे के सिर में गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीजी के कमरे में पार्टी करते हुए मजाक-मजाक में देसी कट्टे को चलाते हुए गोली आर्यन के सिर में लग गई थी। यह खुलासा पुलिस की प्रारंभिक जांच में हुआ है।
आरोपी प्रमोद सिहाग निवासी मॉडल टाउन हांसी, लविश उर्फ काकू निवासी डेरा लाडवा व मौसम निवासी फुला जिला फतेहाबाद के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तीन मोबाइल बरामद हुए। थाना लाडवा में 13 सितंबर को दर्ज शिकायत में विकास कुमार निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी उकलाना जिला हिसार ने बताया था कि उसका 21 वर्षीय बेटा आर्यन पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में पढ़ता था। 13 सितंबर को उसे सूचना मिली थी कि बाइक गिरने के कारण उसके बेटे आर्यन को ज्यादा चोट लग गई है, जिसे उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद वह परिवार के साथ अस्पताल आया तो उसके बेटे की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान आर्यन के सिर से गोली बरामद हुई थी। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी प्रमोद सिहाग, लविश व मौसम को गिरफ्तार कर लिया है।
पांच दिन के रिमांड पर आरोपी : मोहन लाल
सीआईए-दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि 13 सितंबर को आर्यन और तीनों आरोपी पीजी के कमरे में बैठे पार्टी कर रहे थे। चार युवक कहीं से देसी कट्टा और कारतूस लेकर आए थे। पार्टी करते हुए मजाक-मजाक में कट्टे को परखने के समय गोली चल गई, जो सीधे आर्यन के सिर में लग गई। यह खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने किया है। अदालत के आदेश से आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।