नशीला पदार्थ सप्लाई करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सावर वासी किठाना खेड़ा थाना भिलाई (राजस्थान) को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि दो अक्तूबर को सीआईए-2 की टीम पिहोवा में मेन चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मदनलाल वासी मदोड़ा और राजेंद्र उर्फ काला वासी संतनगर इस्माईलाबाद दोनों ट्रक चलाते हैं। दोनों अपने ट्रक में सामान लादकर राजस्थान और मध्य प्रदेश जाते हैं और वहां से चूरापोस्त खरीद कर एरिया में सप्लाई करते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गुमथला गढ़ू के पास नाकाबंदी करके एक ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की तथा तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो किलो चूरापोस्त बरामद हुआ था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान पर सप्लायर सावर को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।