लाडवा। हथियारबंद युवकों ने अस्पताल में घुसकर स्टाफ के तीन लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर दिया। आरोपियों ने उनके बाल, भौहें और मूंछ भी काट दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा दो युवकों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाने में दर्ज शिकायत में विशाल निवासी मेहरा ने बताया कि वह मुस्तफाबाद रोड पर एक निजी अस्पताल में बतौर कंपाउंडर नौकरी करता है। बुधवार शाम करीब सात बजे अस्पताल में अमित निवासी बकाली और सुखविंद्र वासी लाडवा दवा लेने के बहाने आए थे। उस समय रात की ड्यूटी पर रोहित व गुरमीत सिंह भी मौजूद थे। रात के करीब 11 बजे पांच लडके गंडासी, डंडे व तलवार लेकर अस्पताल के अंदर घुस आए। उन सभी ने अंदर घुसते ही उन पर हमला कर दिया। सुरेश ने गंडासी उसके सिर में मारी और अन्य ने डंडे से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने रोहित व गुरमीत सिंह को भी हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। आरोपियों ने उनकी की मूंछ, भौहें व सिर के आगे से बाल भी काट दिए। प्राथमिक उपचार के बाद उनको एलएनजेपी रेफर कर दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉल कर दी थी जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार करीब छह दिन पहले अस्पताल से इलाज करवाकर गई एक युवती ने 20 फरवरी को इंस्टाग्राम पर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। उसके मना करने के बाद उसके फोन से किसी ने उसे गालियां तथा जान से मारने की धमकी आने लगी। पूछताछ में उस युवक ने अपना नाम सुरेश निवासी बनी बताया था।