कुरुक्षेत्र। विश्व बॉक्सिंग में छठी वरीयता प्राप्त अर्जुन अवाॅर्डी मनोज कुमार को अब अंतरराष्ट्रीय कोच बन गए। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के साथ मनोज कुमार बॉक्सिंग अकादमी में खुशी का माहौल है। गत माह 22 से 31 मार्च को अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग एसोसिएशन आईबीए की ओर से अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच कोर्स आयोजित किया गया था। इसमें देशभर से 50 बॉक्सिंग कोचों ने हिस्सा लिया था, जिसमें एसोसिएशन ने 40 कोचों को एक स्टार देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जूनियर खिलाड़ियों को कोचिंग देने का अवसर दिया है।
मनोज कुमार ने साल 1999 में बॉक्सिंग खेलना शुरू किया था। वे दो बार साल 2012 में लंदन ओलंपिक और 2016 में रियो ओलंपिक खेल चुके हैं, जिसमें उनकी सर्वश्रेष्ठ नौ रैंकिंग रही। फिलहाल मनोज कुमार भारतीय रेलवे में ओएसडी स्पोर्ट्स पद पर अंबाला में तैनात हैं। रेलवे के बॉक्सिंग खिलाड़ियों को कोचिंग देने के साथ मनोज भारतीय रेलवे के लिए खिलाड़ियों की भर्ती भी करते हैं। अब तक वह अलग-अलग खेल के 100 से ज्यादा खिलाड़ियों को भर्ती कर चुके हैं।
कुरुक्षेत्र मेें किरमिच रोड पर उनके नाम से बॉक्सिंग अकादमी चलाई जा रही है। खास बात यह है कि उनके नाम पर उनके गुरु राजेश कुमार यहां बॉक्सिंग की नई पनीरी तैयार कर रहे हैं। हालांकि मनोज कुमार भी यहां आकर बच्चों को बॉक्सिंग के टिप्स देते हैं। इस अकादमी में झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, यूपी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे प्रदेशों के खिलाड़ी भी कोचिंग ले रहे हैं।
मनोज कुमार की उपलब्धियां
- भारत सरकार द्वारा 2014 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित।
- हरियाणा सरकार द्वारा 2018 में भीम पुरस्कार से सम्मानित।
- लंदन ओलंपिक 2012 और रियो ओलंपिक 2016 का प्रतिनिधित्व करते हुए प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
- राष्ट्रमंडल खेल 2010 में स्वर्ण पदक।
- दक्षिण एशियाई खेल 2016 में स्वर्ण पदक।
- ग्रैंड प्रिक्स यूरोपीय मुक्केबाजी टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक।
- दोहा इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2015 में स्वर्ण पदक।
- वाईएमसीए इंटरनेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2003 में रजत, 2004 व 2007 में स्वर्ण पदक।
- एफएक्सटीएम लिमासोल बॉक्सिंग कप 2013 में रजत पदक।
- 2013 में बोस्काई बॉक्सिंग कप में रजत पदक।
- विश्व ओलंपिक क्वालीफाइंग बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2016 में कांस्य पदक।
- प्री ओलंपिक क्वालीफाइंग 2016 में कांस्य पदक।
- इंटरनेशनल इंडिया ओपन बॉक्सिंग टूर्नामेंट 2018 में कांस्य पदक।
- सीनियर एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2007 और 2013 में कांस्य पदक।
एक, दो और तीन स्टार मिलने का मतलब
-एक स्टार का मतलब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग।
-दो स्टार में यूथ ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम, वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप में कोचिंग देना, मगर कोच बॉक्सिंग रिंग में कोचिंग नहीं देंगे। केवल बाहर ही कोचिंग दे सकते हैं।
-तीन स्टार होने पर रिंग के अंदर भी कोचिंग दे सकते हैं।