संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सीबीएसई और एचबीएसई के 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों में विभिन्न कॉलेजों में दाखिले लेने की होड़ मची है। मुस्तफाबाद मार्ग स्थित लाडवा के गांव धनौरा में स्थित इंदिरा गांधी नेशनल (आईजीएन) कॉलेज में कुल 745 सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि आठ अगस्त यानी कल है।
प्राचार्य डॉ. रविश कुमार चौहान ने बताया कि आवेदन के लिए पोर्टल एक अगस्त से आठ अगस्त तक खोला गया है। 12 अगस्त को पहली मेरिट लिस्ट लगेगी, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को फीस जमा कराने के लिए 13 से 16 अगस्त तक का समय दिया जाएगा। दूसरी मेरिट लिस्ट 19 अगस्त को लगेगी। इस लिस्ट में जिनमा नाम आएगा वे विद्यार्थी 20 से 23 अगस्त तक फीस जमा करा सकते हैं। वहीं कक्षाएं 22 अगस्त से शुरू हो जाएंगी। उनका कहना है कि इस बार विद्यार्थियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जाएगी। दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे।
डॉ. चौहान ने बताया कि स्व. ओम प्रकाश गर्ग एवं उनके शिक्षा प्रेमी साथियों के सतत प्रयासों से आरंभ हुआ यह महाविद्यालय आज गौरवमयी प्रगति पथ पर अग्रसर है। इस कॉलेज की स्थापना के परिणामस्वरूप यहां के ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जैसे उच्चतर शिक्षा संस्थान की आवश्यकता की पूर्ति हो पाई है। लाडवा और आसपास के क्षेत्र की ग्रामीण छात्राओं को भी उच्च शिक्षा सुविधा प्राप्त हुई है। क कॉलेज का उद्देश्य सामान्य विद्यार्थी के चरित्र का विकास करना और देश और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध करवाना है।
किस संकाय में कितनी सीटें
बीए - 430
बीकॉम - 80
बीकॉम (एसएफएस)- 60
बीएससी मेडिकल - 30
बीएससी मेडिकल(एसएफएस) - 15
बीएससी नॉन मेडिकल - 60
नॉन मेडिकल (एसएफएस) -- 70