संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों से लोकनृत्य दलों के पंजीकरण के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक दल 29 फरवरी तक विभाग की मेल आईडी आर्टएंडकल्चरलअफेयरएचआरवाईएटदरेटजीमेल.कॉम पर आवेदन कर सकते हैं। राज्य के पंजीकृत लोक नृत्य दलों को ही विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अनुबंधित किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक कोरियोग्राफर व टीम लीडर के नृत्य विधा से संबंधित दस्तावेजों को जमा करवाना अनिवार्य है। कोरियोग्राफर की न्यूनतम आयु 35 वर्ष तथा सह-कलाकारों की आयु 18 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। किसी एक दल में पंजीकृत सदस्य केवल अपने पंजीकृत दल में ही प्रस्तुति दे सकेगा, अन्यथा विभाग द्वारा उसके पूर्ण दल का पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दल के सदस्य पर किसी भी प्रकार का पुलिस केस अथवा कोर्ट केस नहीं होना चाहिए, अन्यथा उसका पंजीकरण रद्द करने के साथ-साथ विभाग द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम में प्रस्तुति का कार्य नहीं दिया जाएगा।