संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने सभी विभागों के यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए एडमिशन शेड्यूल जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय में विभागों के स्नातक स्तर कार्यक्रमों की ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया तीन अगस्त से शुरू की गई है। विद्यार्थी यूजी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन 16 अगस्त तक कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एडमिशन के लिए अलग से लिंक बनाया गया है और पूरी दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि एडमिशन शेड्यूल के अनुसार विश्वविद्यालय के बीए मास कम्यूनिकेशन, बीएससी ग्राफिक्स एंड एनीमेशन, बीएससी मल्टीमीडिया, बीएससी प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, बीबीए ऑनर्स, एमबीए पंचवर्षीय इंटिग्रेटिड प्रोग्राम, बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टैक्नोलॉजी बीएच एंड सीटी, बीएफए, एमपीए आनर्स पंचवर्षीय इंटिग्रेटिड प्रोग्राम, बीएएलएलबी ऑनर्स पंचवर्षीय इंटिग्रेटिड प्रोग्राम तथा एमटैक एप्लाइड जियोलॉजी पंचवर्षीय इंटिग्रेटिड प्रोग्राम में 16 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी व विवरणिका विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि यूजी पाठ्यक्रमों के लिए प्रथम मेरिट लिस्ट 22 अगस्त को सुबह 10 बजे लगेगी और फीस 25 अगस्त तक भरी जा सकती है। यदि सीटें बचती है तो दूसरी मेरिट लिस्ट 29 अगस्त को सुबह 10 बजे लगेगी और फीस एक सितंबर तक भरी जा सकती है। तीसरी मेरिट लिस्ट छह सितंबर को लगेगी व फीस आठ सितंबर तक भरी जा सकती है। अंतिम लिस्ट 15 सितंबर को लगेगी और फीस 17 सितंबर तक भरी जा सकती है। यूजी पाठ्यक्रमों के लिए कक्षाएं 26 अगस्त से शुरू होंगी।