संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से संचालित सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक व मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा के परिणाम में जिन परीक्षार्थियों का परिणाम कम्पार्टमेंट घोषित हुआ था, वे परीक्षार्थी आंशिक, पूर्ण विषय अंक सुधार, अतिरिक्त विषय व एडिशनल क्वालीफाई की परीक्षा देना चाहते हैं। वे विद्यार्थी मार्च-2024 की परीक्षा हेतु बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से एक जनवरी 2024 तक निर्धारित शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि बताया कि सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) परीक्षा मार्च-2024 के लिए परीक्षार्थी भी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। उन्होंने बताया कि ऐसे परीक्षार्थी जो सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) मार्च-2024 (फ्रेश श्रेणी) की परीक्षा देना चाहते हैं उनके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसंबर निर्धारित की गई थी और जो इसके लिए आवेदन नहीं कर सके वे अब 10 जनवरी 2024 तक एक हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। जबकि प्रायोगिक परीक्षा के लिए 100 रुपये अतिरिक्त देय होगा।