शाहाबाद। श्रुति विज्ञान आचार्यकुलम एवं सुरभि आदर्श गोशाला, ग्राम छपरा में 19वां वार्षिक उत्सव समारोह रविवार 30 नवंबर को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। आचार्य श्रुति ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह की शुरुआत प्रात: आठ बजे यज्ञ और प्रवचन से होगी। इसके बाद 10 बजे वैदिक कथा-अमृत का आयोजन होगा जिसमें वैदिक ज्ञान एवं जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। दोपहर 12 बजे ब्रह्मचारियों का प्रदर्शन होगा जिसमें विद्यार्थी अपनी शैक्षिक, वैदिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का समापन दोपहर दो बजे ऋषि भंडारे से किया जाएगा। इस अवसर पर कई विशिष्ट संत एवं आचार्य गण विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। इनमें स्वामी नियमनंद सरस्वती संरक्षक, आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा, आचार्य वेद प्रभु, स्वामी सोमानंद, स्वामी मुमुक्षुानंद (अजमेर), आचार्य ज्ञानेंद्र तथा दीपक शास्त्री, भजनोपदेशक (पानीपत) प्रमुख हैं। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्था में संरक्षक श्याम सुंदर डबास, ब्रह्म सिंह डबास, चंद्रभान, हरज्ञान सिंह और गौशाला समिति के प्रधान सोमप्रकाश गुप्ता सहित पूरा प्रबंधन सक्रिय है।