कुरुक्षेत्र। रोडवेज कर्मियों को रोडवेज बसों में आ रही तकनीकी खराबियों के चलते परेशानी झेलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। रोडवेज कर्मियों की माने तो बसों की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी में जाने पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि कई बार कंपनी के कर्मचारी भी चालकों से दुर्व्यवहार करने लग जाते हैं, जिससे बस चालकों में रोष भी है।
कंपनी में समय ज्यादा लगने की समस्या को लेकर कुछ महीने पहले भी रोडवेज कर्मियों में रोष देखने को मिला था। हालांकि अब फिर ऐसा मामला सामने आया है। रोडवेज चालक ने संबंधित कंपनी के कर्मचारी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है और रोडवेज के अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी समस्या को भी बयान भी किया है।
वहीं अधिकारियों की माने तो संबंधित कंपनी के साथ विभाग का ठेका होने के चलते कंपनी की वर्कशॉप में ही बसों की मरम्मत का काम किया जाता है, जिसके चलते तकनीकी खराबी आने वाली बसों को वर्कशॉप में भेजा जाता है।
अधिकारियों से की गई शिकायत : रोहताश वर्मा
चालक रोहताश वर्मा का कहना है कि पूरे दिन ड्यूटी करने के बाद कंपनी की वर्कशॉप में बस को ठीक कराने के लिए ले जाया गया तो लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे परेशानी हुई। जबकि कर्मचारी को कहा तो दुर्व्यवहार पर उतर आए। इसकी शिकायत रोडवेज महाप्रबंधक, महानिदेशक और एसपी से भी की गई हैं। कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो की बसों को डिपो की वर्कशॉप में ही ठीक करने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी भी चालक को दिक्कत न हो।
मैकेनिकों की हो भर्ती : नरेंद्र पांचाल
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान नरेंद्र पांचाल का कहना है कि बसों में तकनीकी खराबियां आने पर कंपनी की वर्कशॉप में जाना पड़ता है, जिससे वहां पहुंचने पर घंटों इंतजार के बाद भी बसों की मरम्मत नहीं हो पाती, इससे चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। यूनियन की ओर से मांग की जाती है कि डिपो में मैकेनिकों की भर्ती की जाए, ताकि डिपो की वर्कशॉप में ही बसों की मरम्मत हो सके।
मामला संज्ञान में नहीं : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि बस चालक से दुर्व्यवहार करने की शिकायत अभी नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही ऐसा मामला संज्ञान में आते ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।