कुरुक्षेत्र। सेक्टर-13 में चिकित्सक के घर हथियारों के बल पर लूटपाट व हत्या के मामले में आरोपियों को हथियार सप्लाई करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी उमेश निवासी भाणेरा खैर जिला अलीगढ़ (यूपी) ने आरोपियों को 30 हजार रुपये में चार देसी कट्टे 315 बोर व एक देसी पिस्टल सप्लाई की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साढ़े तीन हजार रुपये बरामद करके आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।
थाना शहर थानेसर में नौ जनवरी को दर्ज शिकायत में डॉ. अतुल अरोड़ा ने बताया था कि घर में लूट के इरादे से घुसकर चार आरोपियों ने हथियारों के बल पर लूट को अंजाम देते हुए उसकी पत्नी डॉ. वनीता अरोड़ा की हत्या कर दी थी। एसआईटी ने मामले की जांच करते हुए आरोपी विक्रम उर्फ विक्की निवासी टटीयाना, सुनील निवासी कैथल, विक्रमजीत उर्फ बिट्टू निवासी बलबेडा व मनीष निवासी भगवान गढ़ जिला अलीगढ़ (यूपी) को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार देसी कट्टे 315 बोर व एक देसी पिस्टल बरामद हुई थी। अदालत के आदेश से आरोपियों को छह दिन के रिमांड पर लेकर जेवरात व लूटे गए डेढ़ लाख रुपये बरामद किए थे वहीं 12 जनवरी को मामले में मुख्य साजिशकर्ता आरोपी केतराम व महिला पूनम को गिरफ्तार किया था।
सीआईए-दो के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया था कि वारदात के हथियार उनको उमेश ने सप्लाई किए थे। निशानदेही पर पुलिस ने सप्लायर उमेश को गिरफ्तार करके कब्जे से साढ़े तीन हजार रुपये बरामद किए। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।