कुरुक्षेत्र। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार 18 व 19 मार्च को कृषि मेला (खरीफ) का आयोजन करेगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस वर्ष मेले का विषय खेती में ड्रोन का महत्व होगा। खेती में ड्रोन का महत्व आज समय की मांग है। ड्रोन के द्वारा कम समय में केमिकल फर्टीलाइजर व पेस्टिसाइड का उपयोग आसानी से किया जा सकता है, जिससे कम लागत होने के साथ-साथ संसाधनों की भी बचत होगी। साथ ही उन्हें ड्रोन का उपयोग करना भी समझाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेले में किसानों के साथ बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व यंत्र निर्माता कंपनियां भी भाग लेंगी। किसानों को विभिन्न कृषि कार्यों के लिए उपयुक्त मशीनों, यंत्रों एवं उनकी कार्य प्रणाली के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त किसानों को इन मशीनों की कीमत तथा इनके निर्माताओं की भी जानकारी मिल सकेगी। कृषि मेला (खरीफ)-2024 में किसानों को विश्वविद्यालय की ओर से सिफारिश की गई खरीफ फसलों के उन्नत बीज तथा बायोफर्टिलाइजर के अतिरिक्त कृषि साहित्य उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए मेला स्थल पर विभिन्न सरकारी बीज एजेंसियों के सहयोग से बिक्री काउंंटर स्थापित किए जाएंगे।