कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम का बाहरी दृश्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। अगले सप्ताह से शुरू होने जा रही जिला स्तरीय अखाड़ा प्रतियोगिता में जिले के 250 महिला व पुरुष पहलवान कुश्ती में अपने-अपने दांवपेच दिखाएंगे। कोरोना महामारी के तीन साल बाद होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले मुकाबले 23 जून को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में जिला केसरी और कुमार व कुमारी का चयन होगा, साथ ही पहले व दूसरे स्थान रहने वाले खिलाड़ियों को 28 जून को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि पहली बार प्रतियोगिता में ग्रीको रोमन शैली की कुश्ती को शामिल किया गया है।
प्रतियोगिता में जिले से पांच निजी व दो सरकारी कुश्ती नर्सरी समेत 10 अखाड़ों के 150 पुरुष व 100 महिला कुश्ती खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इसमें पहले दिन 23 जून को उमरी गांव के कुश्ती हाॅल में पुरुषों के मुकाबले होंगे। अगले दिन गुरु नानक देव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इसमें 17 आयु वर्ग तक के खिलाड़ी सब जूनियर, 20 आयु वर्ग तक खिलाड़ी जूनियर और इससे ऊपर के खिलाड़ियों को सीनियर वर्ग में रखा गया है।
उधर, गुरु नानकदेव सीसे स्कूल में चल रही नर्सरी के संचालक एवं कुश्ती कोच जगमिंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश में पहली बार ग्रीको रोमन शैली की कुश्ती खेली जाएगी। इसे लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह बना हुआ है। इस शैली में खिलाड़ी को कमर से ऊपर का दांव खेलना होता है। इस शैली को प्रतियोगिता में शामिल करने से नए खिलाड़ी तैयार होंगे। ओलंपिक में इस शैली की कुश्ती खेली जाती है। इस कुश्ती के आने से हमारे खिलाड़ी भी ओलंपिक पहुंचकर पदक जीत सकेंगे।
पहले व दूसरे स्थान का पहलवान खेलेगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 64 किलो भार वर्ग की महिला पहलवान को जिला कुमारी व इससे ऊपर के भार वर्ग की खिलाड़ी को जिला केसरी का खिताब दिया जाएगा। पुरुषों में 74 किलो भार वर्ग के खिलाड़ी को जिला कुमार व ज्यादा भार वाले को जिला केसरी चुना जाएगा। प्रतियोगिता में पहले व दूसरे स्थान पर रहने वाले महिला व पुरुष खिलाड़ी को कैथल में 28 जून से होने वाली तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।