कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में मंगलवार को जहां सूर्यग्रहण मेले में लाखों लोग पहुंचे और श्रद्धा की डुबकी लगाई तो वहीं स्नान के बाद ब्रह्म सरोवर व सन्निहित सरोवर तट पर गंदगी का अंबार पसर गया। पूरे परिसर में कचरे के ढेर लगे हैं।
स्नान व पूजा पाठ के बाद श्रद्धालुओं की ओर से छोड़े गए गंदे कपड़ों व अन्य सामग्रियों से सरोवर के घाट भरे हैं, जिन्हें सफाई कर्मचारी साफ करते नजर आए। महिला घाटों के अंदर और बाहर फटे पुराने कपड़ों के ढेर लगे मिले। जगह-जगह पूजन सामग्री भी बिखरी पड़ी रही। यूं तो मेला प्रशासन की ओर से साफ सफाई को लेकर अपनी तरफ से सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद लोगों ने गंदगी फैलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
लाखों श्रद्धालुओं की ओर से स्नान करने पर सरोवर का पानी भी मटमैला हो गया। यात्रियों के आराम के लिए बने पार्कों में भी चारों तरफ कचरा ही कचरा पसरा मिला। ये हालात देख केडीबी ने भी सफाई कर्मियों को बुधवार को फील्ड में उतार दिया। कर्मचारी दिन भर घाटों की धुलाई करते रहे तो कचरे के ढेरों को निपटाने में जुटे रहे।