कुरुक्षेत्र। हत्या के बाद आरोपी इंजीनियर बेटा मां के शव के पास दो दिन तक बेड पर लेटा रहा। ऊपरी मंजिल पर रहे आरोपी के बड़े भाई रोहित अग्रवाल के मुताबिक वारदात के बाद से उसने दो दिन तक कमरे से बाहर झांका तक नहीं, मगर घर में कोई आवाज सुनता तो बीच में जोर-जोर से चिल्लाता जरूर था, मैंने कर दिया। उसे नहीं मालूम था कि उसका भाई इतनी बड़ी वारदात कर देगा।
वारदात का खुलासा होने के बाद आस पड़ोस के लोग भी सन्न रह गए। वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उधर, आरोपी का बड़ा भाई इस वारदात से अनजान था। फिलहाल जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक दोनों भाई के बीच प्रॉपर्टी मकान को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। इसी बात पर करीब दो महीने पहले उसके भाई ने उसकी पत्नी से मारपीट की थी। तब उसकी पत्नी की शिकायत पर उसके भाई मोहित के खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था। हालांकि उनका उससे पहले से ही मनमुटाव चल रहा है, जिस कारण उनकी भाई और मां कृष्णा के साथ बोलचाल नहीं थी।
रोहित के मुताबिक उसका भाई इंजीनियर है और अंबाला में बीएसएनएल में कार्यरत था। उसकी मां और भाई के बीच अकसर मारपीट होती रहती थी। अगर वह लोग बीच-बचाव करने आते थे तो आरोपी उनसे भी मारपीट करने लगता था। इस वजह से वे लोग उनसे दूर ही रहते थे। वह अपने भाई से इतना डरा हुआ था कि उसने अपनी बेटी को भी उसके ननिहाल भेजा हुआ है।
बाक्स
36 से 48 घंटे के बीच में हुई हत्या
फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। महिला के शरीर पर पांच जगह चोट के निशान मिले हैं। गला दबाने से पहले आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की होगी, जिससे उसके कंधों और हाथ पर चोट लग गई। महिला की मौत 36 से 48 घंटे के बीच हुई है।
बाक्स
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई है। पुलिस ने आरोपी के भाई रोहित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भादस की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।