लाडवा। एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी रिश्तेदार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा दोपहर करीब दो बजे ब्राह्मण मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान गांव डुडी के रहने वाले सुरेश पाल (57) और घायल की पहचान रुचि (18) के रूप में हुई हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत में रुचि ने बताया कि वह बाबैन के निजी संस्थान में नर्सिंग की छात्रा है और अपने मौसा के पास रहती है, जो कि लाडवा तहसील में वकील का काम करते थे। सुरेश पाल उसे हर रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से कॉलेज से छुट्टी के बाद बाबैन चौक से लेने आए और डुडी गांव छोड़ने जा रहे थे। ब्राह्मण मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने सामने से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए। सुरेश के सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा जबकि रुचि भी घायल हो गई। राहगीरों ने दोनों को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। रुचि का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद