कुरुक्षेत्र। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला आईटीआई के प्रधानाचार्य देव किशन ने बताया कि आईटीआई में चार चरणों की दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब शेष बची रिक्त सीटों पर ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिला दिया जाएगा। इसके लिए निदेशालय की ओर से समय सारिणी जारी की गई है। ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया 25 अगस्त तक चलेगी। वहीं रिक्त सीटों के विवरण को पोर्टल व संस्थानों में प्रदर्शित कर दिया गया है।
ओपन काउंसलिंग के दौरान उन विद्यार्थियों को भी दाखिले का अवसर दिया जाएगा, जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है। ऐसे विद्यार्थी 25 अगस्त तक अपना फार्म भर सकते हैं। इसी के आधार पर रोजाना संस्थानों में मेरिट सूची लगाकर दाखिले दिए जाएंगे। विद्यार्थी मूल दस्तावेजों के साथ संस्थान में पहुंच कर ओपन काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला कुरुक्षेत्र में विभिन्न ट्रेड में दाखिला चल रहा है, जिसमें कटाई-सिलाई, कढ़ाई, कोपा, हेयर एंड स्किन केयर, ड्राफ्ट्समैन सिविल, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल शामिल है। ऑन द स्पॉट दाखिले के लिए रिक्त सीटों का विवरण प्रदर्शित कर दिया गया है, इसके उपरांत 25 अगस्त तक रैंक या मेरिट सूची बनाई जाएगी और 26 अगस्त तक फीस जमा होगी तथा सीट आवंटित की जाएंगी।