मिशन एडमिशन : विद्यार्थियों को विषयों की जानकारी देने के लिए संस्थान में लगाए गया हेल्प डेस्क, 15 तक इन सीटों पर होंने दाखिले
मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में बजट के तहत 120 सीट और सेल्फ फाइनेंसिंग योजना के तहत 60 सीटों पर किए जाएंगे दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ( यूएसएम ) में 180 सीटों पर दाखिले किए जा रहे हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून तक कर सकते हैं। इसमें मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में बजट के तहत 120 सीट और सेल्फ फाइनेंसिंग योजना के तहत 60 सीटों पर दाखिले किए जा रहे हैं।
कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. सुशील शर्मा ने बताया कि अत्याधुनिक शिक्षा शास्त्र में पारंपरिक कक्षा विधियों के अतिरिक्त केस स्टडी और रोल प्ले का उपयोग शामिल किया गया है। सॉफ्ट स्किल वर्कशॉप, ग्रुप डिस्कशन, गेस्ट लेक्चर, क्लास रूम डिबेट, क्विज और व्यावसायिक उत्सव जैसी कई अतिरिक्त गतिविधियां छात्रों के विकास में मदद करती हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को अन्य देशों के छात्रों के साथ अध्ययन करने का अतिरिक्त लाभ मिलता है।
एमबीए में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद प्रवेश परीक्षा होगी, जिसके आधार पर 80 प्रतिशत अंक, ग्रुप डिस्कशन के 10 प्रतिशत, पर्सनल इंटरव्यू के 10 प्रतिशत अंकों द्वारा निर्धारित योग्यता के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा 23 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में अंग्रेजी कॉमरिहेंशन, जनरल अवेयरनेस, डाटा इंटरप्रिटेशन और लॉजिकल रिजनिंग के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रवेश के लिए ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू में उपस्थित होना अनिवार्य है, जिसमें शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को तीन और चार जुलाई को मौजूद होना होगा।
कॉर्पोरेट सेक्टर में सफलता के लिए एमबीए की बढ़ रही है मांग : प्रो. सुशील
यूएसएम के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. सुशील शर्मा ने बताया कि विभाग कार्यात्मक क्षेत्रों मार्केटिंग, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स, बिजनेस एनालिटिक्स, एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट और इंटरनेशनल बिजनेस के पूरे दायरे में विशेषज्ञता प्रदान करता है। यह पूर्णकालिक दो वर्षीय एमबीए प्रोग्राम तेजी से बढ़ते कॉर्पोरेट उद्योग में सफल होने के लिए आवश्यक उद्योग अंतर्दृष्टि, बहुमुखी विकास संभावनाओं और केंद्रित कौशल सेट के साथ छात्रों को विकसित करने के लिए डिजाइन किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार पोर्टल पर जाकर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को विषय चयन के बारे में जानकारी के लिए विभाग की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है।
वाणिज्य क्षेत्र में शिक्षा लेने वाले विद्यार्थियों के लिए कई अवसर
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाणिज्य (कॉमर्स) विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. महाबीर नरवाल का कहना है कि वाणिज्य के क्षेत्र में शिक्षा लेने वाले विद्यार्थियों के भविष्य की अपार संभावनाएं है। 10वीं कक्षा के बाद वाणिज्य संकाय से 12वीं करने वाले विद्यार्थी अपने रुझान के मुताबिक कोर्स का चयन कर सकता है। उसके लिए बीकॉम, बीसीए, बीबीए, एलएलबी, एमबीए पांच वर्षीय सहित अन्य विषयों में डिग्री करने के विकल्प खुल जाते हैं, जिसे कर वह खुद का रोजगार स्थापित करने के साथ निजी व सरकारी संस्थानों में कार्य कर सकता है। क्योंकि इसके तहत विद्यार्थियों को व्यापार संबंधी अवसरों व समस्याओं से अवगत कराया जाता है। स्नातक के बाद एमकॉम तथा एमबीए के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सरकारी क्षेत्र में भी कार्य कर सकते हैं। वाणिज्य की शिक्षा चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी में भी बहुत अहम रोल निभाती है। विद्यार्थियों को जरूरत है कि वह समय बदलाव के साथ सीखने के तरीके में भी बदलाव अवश्य करें।