लाडवा। विजय जुलूस के दौरान हाथ उठाकर लोगों का धन्यवाद करते कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी।संवा
लाडवा। हरियाणा में भाजपा की बहुमत से जीत के बाद लाडवा प्रत्याशी एवं कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह को लगभग 16054 वोटो से हराया और इतिहास रच दिया। जैसे ही लाडवा में उनकी जीत की सूचना पहुंची तो समर्थकों मे खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ता दोपहर दो बजे से अपने विधायक व मुख्यमंत्री नायब सैनी का इंतजार करते रहे। कार्यकर्ता ढोल, नगाड़े की थाप पर जमकर थिरके तो आतिशबाजी कर लड्डू बांट कर खुशी मनाई। वहीं नायब सैनी ने भव्य रोड शो भी निकाला, जिसमें कार्यकर्ता व समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। हर कोई मुख्यमंत्री से हाथ मिलाने को लालायित रहा।
सीएम नायब सैनी अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ लगभग साढ़े सात बजे माता बाला सुंदरी मंदिर पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में ही पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत है। हरियाणा की 36 बिरादरी ने भाजपा में विश्वास जताकर भाजपा को हरियाणा में पूर्ण बहुमत दिलाने का काम किया है। इससे पहले सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र से आते हुए जिंदल पार्क के सामने रुककर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद रामकुड़ी से होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचे और मंडी गेट के सामने से होते हुए माता बाला सुंदरी मंदिर पहुंचे। चुनाव से पहले भी नायब सिंह सैनी अपनी पत्नी के साथ माता बाला सुंदरी मंदिर पहुंचे थे और आशीर्वाद लिया था। मंदिर के पुजारी सुरेंद्र ने बताया कि चुनाव से पहले सीएम सैनी ने वायदा किया था कि वह जीत कर माता बाला सुंदरी का आशीर्वाद जरूर प्राप्त करेंगे।
लाडवा की जनता ने दोबारा किसी विधायक को नहीं दिया मौका
साल 2008 में नए परिसीमन बनने के बाद लाडवा हलके की जनता ने 2009 में हुए पहले विधानसभा चुनाव के बाद दोबारा किसी विधायक को विधानसभा में जाने मौका नहीं दिया। लाडवा हलके के पहले विधानसभा चुनाव में इनेलो नेता शेर सिंह बड़शामी ने जीत दर्ज की थी और लाडवा से चंडीगढ़ विधानसभा पहुंचे थी। 2014 के विधानसभा चुनाव में शेर सिंह बड़शामी की पत्नी बच्चन कौर को हार का सामना करना पड़ा था और भाजपा से पवन सैनी विधानसभा पहुंचे थे लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव में फिर पवन सैनी को हार का सामना करना पड़ा था और कांग्रेस से मेवा सिंह ने जीत दर्ज की थी। 2024 के विधानसभा चुनाव में इतिहास ने एक बार फिर अपने आपको दोहराया और नए चेहरे व भाजपा से सीएम नायब सिंह को मौका दिया।
लाडवा। विजय जुलूस के दौरान हाथ उठाकर लोगों का धन्यवाद करते कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी।संवा