चार दिन पहले पांच किलो चूरा पोस्त के साथ पकड़े दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सप्लायर को भी काबू कर लिया है। पुलिस ने सप्लायर सतपाल वासी जलालपुर (अंबाला) के कब्जे से चार हजार रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी सतपाल को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।
अपराध अन्वेषण शाखा-दो के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि 14 अगस्त को उनकी टीम रामशरण माजरा रोड बाबैन पर गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोलू गांव जलालपुर और सिमरनजोत सिंह वासी गांव महला (अंबाला) चूरापोस्त बेचने का धंधा करते हैं। वह आज भी बाइक पर शाहाबाद की तरफ से पुरानी मंडी बाबैन नजदीक शिव मंदिर के पास चूरापोस्त बेचने के लिए आएंगे। सूचना पर टीम ने बाबैन के बीईओ रणधीर सिंह को साथ लेकर शिव मंदिर के पास नाकाबंदी करके नजर रखनी शुरू कर दी थी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को बुलेट पर दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम ने काबू करके पूछाताछ की तथा उनकी तलाशी ली थी। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से पांच किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ था। आरोपियों के विरुद्ध थाना बाबैन में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया और उन्हें गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वह यह चूरापोस्त सतपाल से खरीदकर लाए थे।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर सप्लायर सतपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये नकदी बरामद की गई। आरोपियों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।