कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने बुजुर्ग महिला से कानों की बालियां छीनने के आरोपी अंकित उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छीनी गई बालियां भी बरामद कर ली हैं। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि 24 अक्तूबर को गांव भगवानपुर की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला बाबैन बाजार से सामान खरीदकर बस स्टैंड पर घर जाने के लिए खड़ी थी। एक युवक मोटरसाइकिल पर आया और उसे गांव भगवानपुर छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया। युवक उसे सुनसान जगह पर गन्ने के खेतों के पास ले गया। वहां उसने महिला को जान से मारने की धमकी देकर कानों की बालियां छीन लीं। महिला के विरोध करने पर युवक बालियां खींचकर भाग गया, जिससे उसे चोटें आईं। आरोपी अंकित उर्फ बिल्ला के खिलाफ पहले भी थाना शाहाबाद में छीनाझपटी के दो मामले दर्ज हैं।