कुरुक्षेत्र। एक साल पहले देसी कट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्कर बिलाल निवासी मोहनपुरा जिला सहारनपुर यूपी को अदालत के आदेश से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। सीआईए-एक के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि पांच फरवरी को उनकी टीम शाहाबाद के बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। टीम ने गुप्त सूचना पर अनाज मंडी गेट के पास मोहित कुमार निवासी हुडा शाहाबाद को अवैध असलहे के शक में काबू किया था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ था। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। आगामी जांच करते हुए टीम ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार तस्करी के आरोपी बिलाल को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।