कुरुक्षेत्र। पुलिस ने नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह वासी कोणी जिला फरीदकोट पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नवंबर 2024 को अपराध अन्वेषण शाखा-दो के प्रभारी निरीक्षक मोहन लाल की टीम ने गांव उस्मानपुर के 152 डी के पास से पंजाब सिंह, गुरविंद्र सिंह, सेवा सिंह व जीत बासु वासी कोणी जिला फरीदकोट पंजाब को ट्रक के साथ काबू किया था। तलाशी लेने पर 36 किलो 140 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। आरोपियों के विरुद्ध नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में पता चला कि यह अफीम उक्त आरोपी ने मंगवाई है। वहीं पुलिस अभी मामले में गहन पूछताछ में लगी है, जिससे कुछ और भी सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।