कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। सवा साल पहले अमेरिका भेजने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय कुमार निवासी कैथल ने युवक के परिजनों से 28.40 लाख रुपये लेकर मलयेशिया भेज दिया था। थाना शाहाबाद में नौ अगस्त 2023 को दर्ज शिकायत में उदयभान निवासी छपरी ने बताया था कि आरोपी अजय ने उसके बेटे को अमेरिका भेजने के लिए 40 लाख रुपये में इकरार किया था। विश्वास करके उसने एक जुलाई 2022 को 20 लाख रुपये अजय कुमार को दिए थे। उसके बाद उसने आरोपी के दिए खाते में अलग-अलग समय पर करीब आठ लाख रुपये जमा कराए थे। कुछ समय बाद आरोपी ने उसके बेटे को कोलकाता से बैंकॉक की टिकट कराने के नाम पर 20 हजार रुपये और लिए थे। यहां से आरोपी ने उसके बेटे को थाईलैंड भेज दिया था। यहां एक दिन रहने के बाद उसके बेटे को वापस भारत भेज दिया गया था। आरोपी से बातचीत करने पर आरोपी ने कुछ दिन बाद दोबारा भेजने का आश्वासन दिया था, मगर करीब 28.40 लाख रुपये लेने के बाद भी उसके बेटे को अमेरिका नहीं भेजा था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।