कुरुक्षेत्र। स्कूल को सीबीएसई की मान्यता दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभाग में जमा कराए थे। पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार निवासी मुखाला जिला करनाल को अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में स्कूल समिति के प्रधान पवन गर्ग ने बताया था कि अनिल कुमार ने दो लाख रुपये में एनओसी लेकर सीबीएसई की मान्यता दिलवाने का आश्वासन दिया था। आरोपी ने जरूरी दस्तावेज, आवेदन, कागजात व 50 हजार रुपये नकद लेकर काम शुरू किया था। 10 दिसंबर 2019 को एक लाख रुपये और कुछ दिन बाद दोबारा 50 हजार रुपये लिए थे। सीबीएसई का मान्यता प्रमाणपत्र प्राप्त होने के पश्चात उसने स्कूल में सीबीएसई की कक्षाएं शुरू कर दी थी। कुछ दिनों पश्चात उसे पता चला कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सीबीएसई विभाग दिल्ली में दस्तावेज जमा कराए थे। जांच में पता चला था कि यह दस्तावेज तरुण कुमार ने तैयार किए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।