इटली भेजने के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रवीण वासी हबाना के कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद करके जेल भेज दिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 21 अप्रैल को गुरवीर सिंह मोहडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उसके गांव के रमन ने उसे बताया कि उसका रिश्तेदार प्रवीन विदेश भेजने का काम करता है। वह तथा रमन दोनों विदेश जाना चाहते थे। इसी सिलसिले में वह प्रवीन से से मिले उसने आठ-आठ लाख रुपये में इटली भेजने का आश्वासन दिया था। दोनों ने उसे अपने-अपने पासपोर्ट व 50-50 हजार रुपये नकद दिए थे। 25 अप्रैल 2018 को बिजनेस वीजा लगने के बाद प्रवीन ने उसका व रमन का पासपोर्ट वापस देकर उनसे डेढ़-डेढ़ लाख रुपये नकदी ली थी। प्रवीन ने 3 मई 2018 को उनकी मुलाकात नवजोत सिंह से कराई और बताया कि वह उनके साथ विदेश जाएगा। वह उनको मोस्को ले गया और एक होटल में ठहरा दिया था। उसने जब प्रवीन कुमार से बात की तो बताया कि वह उनका रोमानिया का वीजा लगवा देगा, लेकिन तीन माह के बाद भी उनका रोमानिया का वीजा नहीं लगा। उसके बाद प्रवीन कुमार ने उन्हें जुलाई 2018 में मास्को से सर्बिया फ्लाइट द्वारा भेज दिया था। यहां भी एक होटल में उन्होंने एक महीना गुजारा था। इसके बाद प्रवीन ने धोखाधड़ी से उनको ग्रीस व दोबारा सर्बिया में पैसे ऐंठने के लिए जबरदस्ती रोके रखा, मगर उनको इटली नहीं भेजा था। आरोपी प्रवीण ने धोखाधड़ी से उनकी कुल 16 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में लिए थे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच करते हुए पुलिस ने 2 अगस्त को आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश पर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकदी बरामद करके पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।