कुरुक्षेत्र। खादी ग्राम उद्योग आयोग की चेयरमैनी और आरओ वाटर सिस्टम का टेंडर दिलाने के नाम पर 1.51 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चैन सिंह गौतम निवासी रतपुरा कॉलोनी पिंजौर जिला पंचकूला के कब्जे से दो लाख रुपये बरामद किए। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस चैन सिंह सहित दो आरोपियों को पकड़ चुकी है।
थाना शाहाबाद में दर्ज शिकायत में हरबीर सिंह निवासी रतनगढ़ ने बताया था कि उसका करनाल निवासी रोशन शर्मा के घर आना-जाना था। रोशन ने आश्वासन दिया कि वह उसे हरियाणा सरकार में खादी ग्राम आयोग का चेयरमैन बनवाने के साथ हरियाणा सरकार में आरओ वाटर सिस्टम का टेंडर दिलवा देंगे। तब रोशन ने शाहाबाद में उसकी मुलाकात बारु राम, चैन सिंह गौतम, मीना देवी व उमेश कुमार से कराई थी। गौतम ने खुद को हरियाणा सरकार का प्रधान सचिव बताया था। आरोपियों ने चेयरमैनी के लिए दो करोड़ तथा टेंडर दिलवाने के लिए 75 लाख रुपये एडवांस में मांगे थे। विश्वास करके उसने अलग-अलग तारीख में आरोपियों को 1.51 करोड़ रुपये दिए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने करते हुए तीन नवंबर को आरोपी उमेश कुमार उर्फ लारी निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी पिंजौर को गिरफ्तार किया था। आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई लाल बत्ती लगी आई-20 कार बरामद कर आरोपी को कारागार भेज दिया था। अब टीम ने दूसरे आरोपी चैन सिंह गौतम को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात दो लाख रुपये बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।