कुरुक्षेत्र।पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के एक आरोपी जसबीर सिंह निवासी अंबाला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार सागवाल ने बताया कि तीन मई 2022 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी अपनी शिकायत में रामसिंह वासी सेक्टर-सात ने बताया कि उसका बेटा केयू से एमकॉम करने के बाद बेरोजगार था। उसे एक रिश्तेदार ने बताया कि सेक्टर-30 वासी जसबीर सिंह नाम का व्यक्ति जो विधानसभा में कार्यरत है । उसे भरोसा दिया कि उसके बेटे को वहां क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा देगा। सौदा चार लाख रुपये में तय हुआ। 27 जुलाई 2021 को जसबीर सिंह उसके बेटे को अपनी गाड़ी में बैठाकर विधानसभा में इंटरव्यू के लिए ले गया। इसके बाद 20 सितंबर 2021 को जसबीर सिंह ने बाकी पैसे तैयार रखने के लिए उसे फोन किया। जब वह जसबीर सिंह को मिलने के लिए उसके मकान पर गया तो उस मकान में जसबीर सिंह नही मिला। इसके बारे में पता चला कि जसबीर सिंह किराये पर रहता था। अब उसके बारे में किसी को कोई जानकारी नही है। बाद में पता चला कि जसबीर सिंह गांव कलेरां जिला अंबाला में रहता है।
जसबीर सिंह ने पंचायत में उसके पैसे ब्याज सहित देने का वादा किया, लेकिन जसबीर सिंह ने तीन लाख रुपये उसके खाते में डाल दिये, बाकी की रकमदेने में टालमटोल करने लगा। शिकायत पुलिस को दी और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जिसके चलते उसे कोर्ट से प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल किया गया। आरोपी से चार हजार की नकदी बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।