कुरुक्षेत्र। दो महीने पहले पुलिस इंस्पेक्टर बनकर दुकानदार के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दुकानदार से अपनी बताई जगह पर सामान मंगाया और धोखा देकर सामान लेकर रफूचक्कर हो गया था। पुलिसने आरोपी नीवपाल निवासी जनसूई अंबाला से 50 कट्टे सीमेंट बरामद कर अदालत के आदेश पर कारागार भेज दिया।
थाना झांसा में 31 जनवरी को दर्ज शिकायत में साहिल राणा निवासी अजराना कलां ने बताया था कि उसकी सलपानी चौक पर सीमेंट व सरिया की दुकान है। एक व्यक्ति 20 जनवरी सुबह करीब 11 बजे टेंपरेरी नंबर की थार गाड़ी में उसकी दुकान पर आया था। उसने हरियाणा पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनी थी। उसके साथ एक महिला व बच्चा भी साथ था।
आरोपी ने बताया था कि उसने हिंगाखेड़ी के पास दलजीत सिंह डेरे में अपने मकान की नींव भरी हुई है। निर्माण के लिए उसे सीमेंट और सरिया की जरूरत है। उसने 150 कट्टे सीमेंट व 70 क्विंटल सरिया उसकी गांव हिंगाखेड़ी में किराए की दुकान भेजने की बात कही थी। आरोपी ने दुकान ही भुगतान करने का आश्वासन दिया था।
उसके बहकावे में आकर उसने 150 कट्टे सीमेंट उसकी किराए की दुकान पर भेज दिए थे। तब आरोपी ने ट्रैक्टर चालक को अगले दिन भुगतान करने को कहकर भेज दिया था। अगले दिन वह पैसे लेने गया तो आरोपी सीमेंट लेकर फरार था। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपी नीवपाल को सेंट्रल जेल अंबाला से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर 50 कट्टे सीमेंट बरामद करके आरोपी को जेल भेज दिया गया।