कुरुक्षेत्र। गांव कलाल माजरा की चौधरी मार्केट में शराब के गोदाम में कार्यरत कर्मी पर बर्फ तोड़ने वाले सुआ से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तक्षित उर्फ गोल्डी निवासी मिर्जापुर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सुआ बरामद करके आरोपी को कारागार भेज दिया।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में संतन कुमार निवासी शाहपुर जिला समस्तीपुर (बिहार) ने बताया था कि वह गांव कलाल माजरा के समीप चौधरी मार्केट परिणय गार्डन के समीप शराब गोदाम पर काम करता है। उसका भाई सुनील कुमार (23) करीब 10 दिन पहले गोदाम में काम करने के लिए आया था।
वीरवार रात करीब 10 बजे वह और उसका भाई सुनील कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ गोदाम में मौजूद थे। तक्षित उर्फ गोल्डी गोदाम के गेट पर खड़ा था। उसका भाई सुनील अपने कुत्ते को बाहर से घुमाकर गोदाम के अंदर आया तो सुनील ने किसी बात पर कुत्ते को गाली दी। उधर, गोल्डी ने सुनील को कहा कि उसने उसे किस बात की गाली दी है। इसी बात को लेकर उनमें बहस हो गई। शोर सुनकर अन्य साथियों ने बीच-बचाव करके उनको अलग कर दिया था। उसके बाद गोल्डी गोदाम में बने कमरे में चला गया था। सुनील भी गोदाम में कुत्ता को बांधकर गेट पर बने कमरा में खाना खाने के लिए चला गया था। खाना खाने से पहले सुनील गोदाम के पास बोर पर बने कमरे के बाहर खड़ा था तभी तक्षित उर्फ गोल्डी ने सुनील को जान से मारने की नीयत से पेट व शरीर पर सुआ से कई वार किए थे। सुनील का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी तक्षित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सुआ बरामद करके आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। संवाद