पिपली। एंटी नारकोटिक सेल ने पंजाब के रहने वाले एक व्यक्ति को 305 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सुखदेव सिंह निवासी लोहागढ़ जिला फिरोजपुर यूपी और बिहार से सस्ते दाम पर अफीम खरीद कर पंजाब में सप्लाई करता था। आरोपी अफीम बेचने के लिए ट्रक में लिफ्ट लेकर कुरुक्षेत्र आया था।
एएनसी प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम जीटी रोड पर बस अड्डा पिपली के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुखदेव सिंह यूपी और बिहार से कम दाम पर अफीम लेकर पंजाब में बेचता है। आज भी वह अफीम लेकर ट्रक के जरिए पिपली आया है। आरोपी लिफ्ट लेकर पंजाब जाने की फिराक में पैराकीट पिपली के बाहर खड़ा है। सूचना पर टीम ने दबिश देकर मौके से एक व्यक्ति को काबू किया तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 305 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।