कुरुक्षेत्र। गांजा पत्ती के साथ पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी बलबीर सिंह उर्फ बबली निवासी लोहाडा को कारागार भेज दिया। आरोपी बलबीर सिंह बाइक पर 2.140 किलो गांजा पत्ती लेकर अपने गांव जा रहा था। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम जीटी रोड पर उमरी चौक के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि बलबीर सिंह गांजा/फूलपत्ती बेचने का धंधा करता है। आज भी वह अपनी बाइक पर गांजा/फूलपत्ती लेकर कुरुक्षेत्र से होता हुआ अपने गांव जाएगा। सूचना पर टीम ने गीता द्वार पिपली पहुंचकर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद टीम को मिली सूचना के मुताबिक बाइक पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे शक के आधार पर टीम ने काबू कर पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो किलो 140 ग्राम गांजा/फूलपत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।