रंजिशन दुकानदार पर चाकू से हमला और छीना-झपटी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक वासी गुमथला गढू को जेल भेज दिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 21 अगस्त को पवन कुमार वासी गुमथला गढू ने थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में कहा कि 20 अगस्त की शाम वह अपनी दुकान पर सचिन के साथ बैठा था। तभी गांव के ही रविंद्र उर्फ काला और दीपक उसकी दुकान पर आए और दुकान बंद करने की धमकी देने लगे थे। रविंद्र उसके साथ पहले से ही रंजिश रखता है। जब उसने विरोध किया तो वह दुकान के अंदर घुसकर गए और रविंद्र उर्फ काला ने उस पर तेजधार चाकू से हमला करके घायल कर दिया। उन्होंने दुकान का सारा समान इधर-उधर फेंक दिया और गल्ले तीन हजार रुपये भी उठाकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच करते हुए शनिवार को आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया तथा अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।