गांव जंधेड़ा मोड़ के पास हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर लगने से स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। युवती की पहचान अनु (20) वासी जंधेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में कमलजीत निवासी जंधेड़ा ने बताया कि वह सिविल अस्पताल लाडवा के पास बुटीक का काम करती है। वह अनु के साथ स्कूटी पर सवार होकर लाडवा की तरफ किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वह स्कूटी से लाडवा रादौर पर जंधेड़ा मोड़ से थोड़ा आगे पहुंचे तो पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह दोनों स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए, जिससे अनु के सिर व मुंह पर गहरी चोटें लग गई तथा वह भी जख्मी हो गई। राहगीरों की मदद से उन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा लाया गया, जहां अनु को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान अनु की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।