इस्माईलाबाद। टबरा गांव के निकट हाईवे पर एक ही स्थान पर सप्ताह के भीतर दूसरी सड़क दुर्घटना में एक और युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। टबरा गांव निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। हर रोज की तरह वह काम के लिए साइकिल पर सवार होकर कस्बे की ओर जा रहा था। जब वह हाईवे पर पहुंचा तो उसने वहां भीड़ देखकर जैसे ही साइकिल रोकी तो पाया कि उसके ताऊ का बेटा परमाल बुरी तरह से घायल पड़ा था। उसकी बाइक टूटी पड़ी थी और दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार भी वहीं खड़ी थी। कार चालक भी मौके पर खड़ा था। लोगों की भीड़ से एक व्यक्ति ने अपनी कार में उसके भाई परमाल को अंबाला के अस्पताल में पहुंचा दिया। वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया है। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।