लाडवा। कस्बे के गांव बपदा में शॉर्ट सर्किट से एक विधवा महिला के मकान में आग लग गई। महिला ने शोर मचाकर आसपड़ोस के लोगों को जानकारी दी। जब तक बुजुर्ग महिला व पड़ोसी कुछ समझ पाते, कड़ियों सहित उनका पूरा सामान जलकर खाक हो गया। कड़ियां जलने से मकान की छत भी गार्टर सहित नीचे गिर गई। बुजुर्ग महिला बिमला देवी ने बताया कि तारों से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते पूरा कमरा धुएं से भर गया और कड़ियों और दरवाजे सहित घर में रखे पूरे सामान में आग लग गई। इतना ही नहीं घर में रखा रसोई का सामान तथा थोड़ी बहुत नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार ने बताया कि महिला के पास एक लड़की है, जिसकी शादी हो चुकी है। महिला विकलांग है और घर में कोई कमाने वाला नहीं है। पति की लगभग डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित महिला की मदद करने की गुहार लगाई।